सहारनपुर जनपद में कोरोना संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के तीन और नए केस मिले हैं, जिनमें दो बाहरी और एक नागल क्षेत्र का रहने वाला है। अब संक्रमितों की संख्या 15 हो गई।
विज्ञापन
जिला सर्विलांस अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि जनपद में प्रतिदिन एक हजार से अधिक कोरोना जांच हो रही है। जिन लोगों के कोरोना सैंपल मंगलवार को लिए थे, उनकी जांच रिपोर्ट राजकीय मेडिकल कॉलेज से बृहस्पतिवार को आई। इनमें एक महिला सहित तीन कोरोना संक्रमित मिले हैं।
बताया गया कि दो संक्रमित बाहरी हैं, जिनकी जांच रेलवे स्टेशन पर चंडीगढ़ जाने से पहले हुई थी। एक नागल क्षेत्र की महिला है, जिसने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराई थी। स्वास्थ्य विभाग बाहरी कोरोना संक्रमितों से लगातार संपर्क कर रहा है, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। अब कोरोना के सक्रिय केस आठ शेष हैं।