गंगोह। पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के दो सदस्य मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न राज्यों से चोरी की गई 10 बाइक बरामद की हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक सिसौदिया ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। बताया कि 20 जनवरी की रात पुलिस टीम बुड्ढाखेड़ा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी दो बाइकों पर सवार पांच संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोका तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया और दोनों बाइकों पर सवार तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी भाग गए। गिरफ्तार आरोपियों गांव सलारपुरा निवासी आकाश और कय्यूम तथा जनपद हरिद्वार के थाना भगवानपुर के गांव सिकंदरपुर निवासी हसनैन की निशानदेही पर पुलिस ने बुड्ढाखेड़ा तिराहे के पास से चोरी की आठ बाइक और बरामद कीं। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश व अन्य राज्यों से चुराई गई बाइक शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह काफी समय से हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश व आसपास के जिलों से बाइक चोरी कर राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे और रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से भागे आरोपियों की तलाश की जा रही है।