सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से नौ बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों ने यूपी, हरियाणा और उत्तराखंड से मोटरसाइकिलों को चोरी किया है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात कुतुबशेर पुलिस गांव रतनाखेड़ी पीर के निकट चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने शिवा निवासी गांव रूपड़ी, शाहरूख, शुभम निवासी गांव मानकमऊ को दबोच लिया। आरोपियों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस और नौ मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है।
आरोपी रेकी करने के बाद तीन सेकेंड में बाइक का लॉक खोलकर चोरी कर लेते थे। इन्होंने हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, सहारनपुर और उत्तराखंड के रुड़की, हरिद्वार, देहरादून से बाइकें चोरी की थीं। आरोपी शिवा ने पुलिस को बताया कि वह अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बाइक चोरी करते थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाने में जुटी है।