सहारनपुर के देवबंद के राज्जुपुर गांव में तीन दुकानों में आग लगने से अफरातफरी मच गई। लोगों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका।
राज्जुपुर गांव निवासी नानू की तेल बेचने, लाला की टायर और राम्मपुर गांव निवासी काला की साइकिल मरम्मत की दुकान पास-पास है। शनिवार की दोपहर अचानक नानू की दुकान से आग की लपटें निकलने लगी।
देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और उसकी चपेट में आकर काला और लाला की दुकान में भी आग लग गई। तीन दुकानों में आग लगने से धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखने लगा।
इसके चलते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल लोगों ने आसपास लगे नलों से पानी भरकर आग पर डालना शुरू कर दिया। जबकि, कुछ लोग रेत और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों दुकानों में लगी आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन, आग लगने से दुकानों में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
आसपास के अन्य दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों को बंद कर दिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका। हालांकि कुछ लोगों का कहना था कि सबसे पहले नानू की तेल की दुकान में आग लगी। जिसने दोनों दुकानों को भी चपेट में ले लिया।