सहारनपुर के नानौता गांव से ईंट भट्ठे पर बाइक पर जा रहे एक ही परिवार के पांच लोगों की ट्रक के साथ जबरदस्त टक्कर होने से दो महिलाओं सहित एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। उधर, सोमवार को गमगीन माहौल में सभी मृतकों का अंतिम संस्कार कराया गया। नानौता क्षेत्र के गांव ओलरी निवासी विनोद कुमार पुत्र हरीपाल व उसके परिजन हरियाणा राज्य के कैथल के शिवंग में एक ईंट भट्टे पर काम करते हैं।
बताया जाता है कि रविवार को विनोद अपनी पत्नि कुसुम (32 वर्ष), अपने बच्चों अंश (5 वर्ष), अंशुल (7 वर्ष) व अपनी चाची मीला देवी (55 वर्ष) पत्नि नाथीराम के साथ ईंट भट्टे पर एक ही बाइक पर सवार जा रहे थे।
बताया जाता है जब उनकी बाइक शाम 6 बजे कैथल क्षेत्र के ढांढ में पहुंची तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। इसमें मौके पर ही कुसुुम, मीला देवी व एक मासूम अंश की मौत हो गई।
जबकि एक बालक अंशुल व विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। जिन्हें कैथल थाना पुलिस द्वारा हायर सेंटर रेफर किया गया। उधर सोमवार को उक्त दोनो महिलाओं व बच्चे का शव गांव पहुंचने पर परिजन रो-रोकर बिलख उठे।
पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद बड़े ही गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल पिता, पुत्र हायर सेंटर में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।