सहारनपुर। चिलकाना पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की सात बाइक और हथियार बरामद हुए। इनमें इनामी आरोपी गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा था।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया थाना चिलकाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान धौला हेड़ी कच्चा पक्का पुल के पास से 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश जब्बार और उसके साथी मीर आलम निवासी गांव संभालका जुनारदार थाना जनकपुरी और इरशाद निवासी दुमझेड़ा थाना चिलकाना को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास चोरी की सात बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। इनमें से एक बाइक नगर कोतवाली क्षेत्र और दूसरी थाना जनकपुरी क्षेत्र से चोरी की। अन्य मोटरसाइकिलों का पुलिस पता लगाने में जुटी है। आरोपी जब्बार पर गोवध अधिनियम समेत चोरी के कई मामले दर्ज हैं, पिछले दिनों एसएसपी ने जब्बार पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी कोतवाली देेहात से गैंगस्टर में वांछित चल रहा था।
उन्होंने बताया कि आरोपी अंतर राज्यीय वाहन चोर गैंग के सदस्य हैं, जो उत्तराखंड और हरियाणा से भी बाइक चुराते थे। आरोपियों ने चिलकाना क्षेत्र में ही एक मकान में चोरी की बाइक रखी हुई थी। एक-एक बाइक को आरोपी 20 से 25 हजार रुपये में बेचने की फिराक में थे।