पति सहित तीन आरोपियों पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज
रामपुर मनिहारान। विवाहिता ने पति और जेठ सहित तीन आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है।
शनिवार को थाना बड़गांव क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति अपनी बेटी के साथ रामपुर मनिहारान थाने पहुंचा। तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की शादी दो साल पूर्व रामपुर मनिहारान के गांव निवासी युवक से हुई थी। शनिवार को उसकी बेटी मायके आई और कमरे में बैठकर रोने लगी। कारण पूछा तो बताया कि उसकी ससुराल के गांव का एक व्यक्ति काफी समय से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। इस वारदात में पति तथा जेठ भी उसका सहयोग करते हैं। विरोध करने पर तीनों उसे जान से मारने की धमकी देते हैं।
रामपुर मनिहारान थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि महिला के पति और जेठ सहित तीन के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।