अवैध खनन और परिवहन में मदद करने वाले तीन लेखपालों और एक संग्रह अमीन को डीएम ने निलंबित कर दिया है। सीजनल दो संग्रह अमीनों को ब्लैक लिस्ट कर उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है। जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि बेहट तहसील में कलसिया चेक पोस्ट पर लगाए गए कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कराई गई। नायब तहसीलदार फैजाबाद और नायब तहसीलदार मुजफ्फराबाद से जांच करने के बाद आख्या प्राप्त की गई।
इसमें 27 जनवरी की रात संतोष मिश्रा लेखपाल, योगेश कुमार प्रथम संग्रह अमीन, कांस्टेबल संदीप द्वारा दिनांक 28 की रात्रि नीरज जॉनी लेखपाल, श्रवण कुमार प्रथम संग्रह अमीन, कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल विनोद द्वारा 211 वाहनों और 29 जनवरी की रात को प्रदीप कुमार तृतीय लेखपाल, अरशद संग्रह अमीन, कांस्टेबल रोहित और लीलाधर द्वारा उप खनिज से लदे 285 वाहनों को बिना चेकिंग के निकलवाना पाया गया।
इसके बाद दोषी पाए गए राजस्व कर्मचारियों में तीन लेखपाल एवं एक नियमित संग्रह अमीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा दो सीजनल संग्रह अमीनो को ब्लैक लिस्ट का सेवा समाप्त कर दी गई है। संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए एसएसपी को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वाले और इसमें शामिल कर्मचारियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।