सहारनपुर के छुटमलपुर में मुजफ्फराबाद में बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार से आई ट्रैक्टर ट्राली ने सड़क किनारे खड़ी आठ साल की बच्ची को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची के शव को पीएम पर भेजते हुए ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लिया है। देवबंद कोतवाली के गांव साखन कलां निवासी रविंद्र कुमार पुत्र भोपाल सिंह की आठ साल की बेटी वेदही अपनी रिश्तेदारी में फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फराबाद गांव में ऋषिपाल पुत्र बाबूराम के यहां आई हुई थी।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह छुटमलपुर-कलसिया रोड पर शाकंभरी मंदिर के सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई ट्रैक्टर ट्राली ने बच्ची को कुचल लिया। हादसे में वेदही की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर छोड़ कर भाग खड़ा हुआ।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल सौ ने बच्ची के शव को सीएचसी फतेहपुर भिजवाया। यहां से पंचनामा भर कर पीएम पर भेजा गया। मृतका के पिता की तरफ से अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी लाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। उधर, बच्ची की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।