सहारनपुर। जल निकासी की सुविधा नहीं होने से स्मार्ट सिटी के रेलवे रोड रोडवेज बस अड्डे की हालत बेहद खराब है। यहां बसें गंदगी और जलभराव में खड़ी रहती है। इससे जहां यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है वहीं दूसरी ओर चालक-परिचालक भी परेशान हैं। परिवहन निगम जल निकासी को लेकर कई बार नगर निगम को पत्र लिख चुका है। लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ।
महानगर में परिवहन निगम की बसें रेलवे रोड, दिल्ली रोड स्थित कांशीराम काॅलोनी और मानकमऊ में खड़ी होती है। यहां से उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और पंजाब के लिए बसें संचालित होती हैं। बस अड्डे की मांग अरसे की चली आ रही है, लेकिन आज तक पूरी नहीं हुई। अभी भी बसें सड़कों से ही चलती है। रेलवे रोड बस अड्डे पर जल निकासी की कोई सुविधा नहीं है। यहां हर समय बसें पानी में खड़ी रहती है। हालात यह है कि बसों को बाहर खड़ी करके सवारियों को बैठाया जाता है। कई बार त्योहारों के समय ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है कि यात्रियों को पानी में खड़ी बसों में ही बैठना पड़ता है। जलभराव के बीच में ही चालक बसों चढ़ते हैं। इस समस्या से निजात के लिए परिवहन निगम की ओर से नगर निगम को पत्र लिखा जा चुका है।
रेलवे रोड बस अड्डे पर जल निकासी की सुविधा नहीं है। जिस कारण बसें पानी में ही खड़ी रहती है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी होती है। इसके लिए हमने नगर निगम को पत्र लिख चुके हैं।
- अक्षय कुमार, सेवा प्रबंधक, परिवहन निगम