सहारनपुर में एक सप्ताह पूर्व ऑस्ट्रेलिया से आए एनआरआई पटना के गुरुद्वारा जाते समय ट्रेन से सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर उतर गया और लापता हो गया। परिजन उसे तलाश करते हुए सहारनपुर पहुंचे। बाद में उसे एक वृद्धाश्रम से बरामद किया गया। परिजन उसे लेकर रवाना हो गए।
पंजाब निवासी एनआरआई सुरेंद्र सिंह उर्फ गुरविंदर सिंह की पत्नी परमिंदर कौर के अनुसार 14 मार्च की रात को वह अपने पति के साथ फगवाड़ा से हावड़ा एक्सप्रेस में पटना जा रही थी। पटना में इन्हें गुरुद्वारे में जाना था, लेकिन जब ट्रेन मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंची तो उन्होंने देखा कि ट्रेन में उनके पति नहीं हैं।
इसके बाद परमिंदर अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ टैक्सी करके सहारनपुर पहुंची और पूछताछ करने पर इनको पता चला कि अंतिम बार इनके पति को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से पहले देखा गया था।
परमिंदर कौर ने आशंका जताई है कि जब ट्रेन रात लगभग 1 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उनके पति ट्रेन से उतर गए और जब तक वापस आते, उनकी ट्रेन छूट गई। इस मामले में उन्होंने सहारनपुर में जीआरपी को तहरीर दी। जीआरपी ने वायरलेस पर सूचना प्रसारित की।
जिस पर पता चला कि सदर कोतवाली क्षेत्र की हसनपुर चौकी पर एक व्यक्ति मिला है। जिसे पुलिस ने वृद्धाश्रम में भेजा है। मौके पर जीआरपी पहुंची और वृद्धाश्रम से एनआरआई को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के मुताबिक रात में ट्रेन से उतर एनआरआई हसनपुर क्षेत्र में पहुंच गया था उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं बताई गई है और उसे भूलने की भी बीमारी है। जिस कारण वह घूमते हुए हसनपुर चौकी क्षेत्र में पहुंच गया। पुलिस को सही जानकारी न देने पर पुलिस ने उसे रात में ही ओल्ड एज होम में भर्ती करा दिया था।
बताया जा रहा है कि मूल रूप से पंजाब के रहने वाले सुरिंदर सिंह का ऑस्ट्रेलिया में कृषि फार्म है और वह लगभग 40 वर्ष से ऑस्ट्रेलिया में ही रह रहे हैं। इनकी पांच बेटियां और दो बेटे हैं। पूरे परिवार के साथ सुरिंदर और परमिंदर ऑस्ट्रेलिया में ही रहते हैं जो पत्नी के साथ 7 मार्च को ही भारत आए थे।