सहारनपुर में जिलाधिकारी पवन कुमार ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को अच्छा आहार दें, जिससे बच्चा स्वस्थ रहे। जिलाधिकारी पवन कुमार बुधवार को गोद लिए गांव चुन्हैटी गाड़ा और रूपड़ी गुर्जर में बच्चों का वजन करा रहे थे।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार दें, जिससे बच्चा स्वस्थ पैदा हो। बच्चा कुपोषित है तो उसे आंगनबाड़ी केंद्र पर भेजें और संतुलित आहार दें। इसके लिए अभिभावकों को जागरूक होना होगा। डीएम ने ग्राम रुपड़ी गुर्जर में बच्चों का वजन कराया।
गांव में अभी भी छह बच्चे कुपोषित मिले। जबकि असद नाम का एक और बच्चा अति कुपोषित मिला। जिसे डीएम ने तुरंत उपचार कराने के निर्देश दिए। पांच परिवार ऐसे मिले जिन्होंने अपने बच्चों को अभी तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजा ही नहीं और न ही टीकाकरण कराया।
डीएम ने उनके परिजनों से बात की। बच्चों को गोद में लेकर उन्हें दुलार किया। उन्होंने परिजनों से बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजने के लिए समझाया। जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने बताया कि दोनों डीएम के गोद लिए गांवों में 14 बच्चे कुपोषित थे। सिर्फ छह बच्चे रह गए हैं, वे भी शीघ्र ठीक हो जाएंगे।