साढौली कदीम। रबी फसल की बुआई से पूर्व ही सहकारी समितियों में डीएपी व एनपीके खाद की किल्लत शुरू हो गई है। इससे किसानों की गेंहू, लहसुन, सरसों व असोजी गन्ना बुआई प्रभावित हो रही है।
क्षेत्र में रबी फसल की बुआई की के साथ साथ असोजी गन्ना, चारा, लहसुन, सरसों आदि की बुआई का कार्य चरम पर है। बावजूद इसके साधन सहकारी समिति लोदीपुर, कांसेपुर, कादरपुर, साढौली कदीम, नानौली, हरिपुर आदि सभी समितियों में पिछले दो सप्ताह से डीएपी व एनपीके खाद की भारी कमी हो रही है। किसान सुखपाल सिंह, बिशम्बर सिंह, इन्द्राज सिंह, रकम सिंह, सुन्दर लाल, नाथीराम, योगेंद्र सिंह, अफजाल, नासिर, आमिर आदि का कहना है कि सरकार के पास बुआई के लिए खाद की मात्रा के आंकड़े होने के बावजूद बुआई के समय खाद की प्रतिवर्ष किल्लत आती है। ऐसे में किसानों को मजबूरन प्राइवेट दुकानों से खाद खरीदकर फसल में डालने को बाध्य होना पड़ता है जो कि उन्हें महंगे दामों में मिल पाता है। किसानों ने समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
उधर, साधन सहकारी समिति कांसेपुर के सचिव अरुण कुमार का कहना है कि लगभग 20 दिन पहले दो गाड़ी खाद मिली थी। वह चार दिन के अंदर बंट गई। पिछले बारह दिनों से समिति पर डीएपी व एनपीके खाद नही पहुंच पाया है। खाद मिलने पर ही किसानों को वितरित किया जाएगा।