फिर बनाए गए कंटेनमेंट जोन, निगम ने बैरिकेडिंग की
सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर की दस्तक को देखते हुए प्रशासनिक स्तर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शहर के जिन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मिले हैं, उन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। नगर निगम की ओर से इन क्षेत्रों में मंगलवार को बैरिकेडिंग कर दी गई। साथ ही संक्रमितों के घरों पर पोस्टर भी लगाए गए हैं।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने और महानगर की जनता को बचाने के लिए उन पांच क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है, जहां संक्रमित मिले हैं। इनमें दिल्ली रोड का शिवाजी नगर, पवन विहार, फ्रैंड्स कालोनी दिल्ली रोड, महावीर गली नंबर दो, किशनपुरा तथा कोर्ट रोड स्थित गिल कालोनी शामिल हैं। निगम की ओर से इन कॉलोनियों की संबंधित गलियों में बल्लियों से बैरिकेडिंग कराई गई है, जिससे कोई व्यक्ति संक्रमित क्षेत्र में ना जा सके और संक्रमण फैलने से बच जाए। नगरायुक्त के निर्देश पर मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रपाल और इंद्रपाल ने कंटेनमेंट जोन चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने पहुंचे थे।
टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दिया
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए महानगर में नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा रूप से कोविड टीकाकरण बढ़ाने का अभियान चलाएगा। अभियान में पार्षदों, सफाई निरीक्षकों, सफाई नायकों, आंगनबाड़ी व आशाओं को शामिल किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में निगम में बैठक हुई, जिसमें अभियान को लेकर चर्चा की गई। अपर नगरायुक्त राजेश यादव, सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक, एसीएमओ और वैक्सीनेशन के नगर प्रभारी डॉ. एके सैनी, डीआईओ सुनील वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन सहित अनेक पार्षद और सभी सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।
विशेष सैनिटाइजेशन अभियान शुरू
ऑमिक्रॉन वायरस के खतरे को देखते हुए नगर निगम ने महानगर में एक बार फिर विशेष सैनिटाइजेशन अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को महानगर के प्रमुख मंदिरों, गुरुद्वारों, चर्च और मस्जिदों को सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन को भी सैनिटाइज किया गया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि यदि भविष्य में और संक्रमित मिलते हैं तो निगम ने शहरवासियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए अपनी ओर से पूरी तैयारी कर ली है।