संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट। पुलिस ने गांव रंड़ौल के प्राचीन महादेव मंदिर व कस्बे की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि मोहल्ला महाजनान मिलन पैलेस निवासी सुनील कुमार की उप डाकघर वाली गली में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। दुकान के काउंटर से कॉपर से भरा कट्टा चोरी हुआ था। सुनील ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अलावा गांव रंड़ौल के प्राचीन महादेव मंदिर से दान पात्र से नकदी व पीतल के घंटे चोरी किए गए थे। जांच के दौरान शोयब निवासी रंड़ौल का नाम प्रकाश में आया। मंगलवार को शोयब को पुलस्त्य होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया 1390 ग्राम कॉपर व 1800 रुपये बरामद किए गए। मंदिर से चुराए गए घंटे आरोपी ने बेच दिए थे। बरामद नकदी उन्हें बेचकर ही आरोपी के पास आई थी।