नानौता में चोरों द्वारा उखाड़ा गया मेडिकल स्टोर का शटर
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। नगर में सक्रिय चोरों ने एक ही रात में मेडिकल स्टोर सहित तीन दुकानों के शटर व अलमारी के ताले तोड़ चोरी की तीन वारदातों को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
सोमवार की रात चोरों ने नगर के सहारनपुर रोड स्थित मार्केट में सावित्री देवी रुद्रप्रताप के नाम से क्लिनिक चलाने वाले डा दिनेश राणा की दुकान के शटर के ताले तोड़ गल्ले में रखी ढाई हजार की नकदी चोरी कर ली। दूसरी वारदात में चोरों ने सहारनपुर रोड स्थित नानौता ट्रक आपरेटर्स यूनियन के दफ्तर को निशाना बनाया। यहां शटर और अंदर रखी अलमारी के ताले तोड़ डाले हालांकि यहां चोरी लायक कुछ नहीं था। चोर कागज खुर्द बुर्द कर गए। इसके अतिरिक्त चोरों ने गंगोह रोड स्थित नवीन त्यागी के जनता मेडिकोज के ताले तोड़ दस हजार की नगदी चोरी कर ली।
सुबह ताले टूटे देख पड़ोसियों ने उसे सूचना दी। इसके बाद वह स्टोर पर पहुंचा। जहां उसने दुकान में लगे सीसीटीवी को चेक किया तो पाया कि चोरी की घटना उसमें कैद हो गई थी। पीड़ित स्टोर स्वामी नवीन त्यागी ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष विरेशपाल गिरि ने बताया कि चोरी की दो घटनाओं की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीसरी घटना की तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है। वारदात का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी में कैद हुई चोर की फुटेज- फोटो : SAHARANPUR