- आठ से 26 अगस्त तक जिले में चलेगी अग्निवीर भर्ती
- 13 जनपदों के अभ्यर्थी लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद में आठ से 26 जुलाई तक अग्निवीरों की भर्ती रैली चलेगी। इसमें 13 जनपदों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। जनपद सहारनपुर के युवाओं का नंबर 20 अगस्त को आएगा। जबकि शामली जिले के अभ्यर्थियाें की भर्ती सबसे पहले होगी।
जिला प्रशासन ने डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में होने वाली अग्निवीर भर्ती के के लिए व्यवस्थाएं चॉक चौबंद करना शुरू कर दिया है। इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में शेड्यूल तय कर दिया गया है।
इसमें सबसे पहले आठ अगस्त को शामली और रामपुर जनपदों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। नौ अगस्त को मुरादाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर, दस को हापुड़ और गाजियाबाद, 11 को बिजनौर के अभ्यर्थी अपना दमखम दिखाएंगे। 12 अगस्त को बिजनौर एवं बागपत, 13 अगस्त को मेरठ, 16 अगस्त को मेरठ एवं अमरोहा, 17 को मुजफ्फरनगर, 18 एवं 19 अगस्त को बुलंदशहर, और 20 अगस्त को बुलंदशहर एवं सहारनपुर के अभ्यर्थी भाग लेंगे। 14 और 15 अगस्त का अवकाश रहेगा। 21 अगस्त को सभी 13 जनपदों के अग्निवीर तकनीकी, 22 अगस्त को अग्निवीर क्लर्क की भर्ती होगी। 23 अगस्त को अग्निवीर टीडीएन व टीडीटी की भर्ती होगी। 24 से 26 अगस्त के बीच विश्राम रहेगा।