देवबंद(सहारनपुर)। परोली गांव में बुधवार की रात्रि पहरा दे रहे ग्रामीणों ने बदमाश समझकर मजदूरों पर फायरिंग कर दी। इसमें गोली लगने से मुजफ्फरनगर जिले के गांव छपार निवासी युवक शाहरुख (21) की मौत हो गई। अन्य मजदूरों ने खेतों में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दो सगे भाइयों धर्मवीर व ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के वक्त बुधवार रात करीब बजे शाहरुख पुत्र सलीम अपने साथियों सलमान पुत्र समय दीन, समीर, मोहर्रम, सलमान पुत्र अजमत और दिलशाद ठेकेदार के साथ गांव मिरगपुर में संसार सिंह के यहां लिंटर का सरिया बांधकर लौट रहे थे। शाहरुख एक बाइक पर था, बाकी लोग दो अन्य बाइकों पर सवार थे। सूचना पर एसएसपी और एसपी देहात मौके पर पहुंचे और शाहरुख को देवबंद सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गिरफ्तार आरोपी धर्मवीर से हत्या में प्रयुक्त देशी पोना 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। दो खोके मौके से बरामद हुए हैं। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पहरा दे रहे ग्रामीणों ने बदमाश समझ फायरिंग की है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।