सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में तीमारदार के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में वार्ड बॉय पर कार्रवाई करते हुए इमरजेंसी वार्ड से हटा दिया है, साथ ही स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ढमोला गांव निवासी राशिद अपनी पत्नी यासमीन को लेकर बुधवार शाम एसबीडी जिला अस्पताल पहुंचे थे। चिकित्सकों ने मरीज को देखने के बाद इमरजेंसी में भर्ती किया था। उसके बाद मेडिकल वार्ड में शिफ्ट किया था। इमरजेंसी से फाइल नहीं आने तक मरीज को बाहर बैठाए रखा। तीमारदार फाइल लेने पहुंचा। आरोप है कि वहां तैनात स्टाफ ने फाइल देने के बदले रुपये मांगे और इनकार करने पर अभद्रता के साथ मारपीट की। इसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया था। मामले की जांच के बाद प्रमुख अधीक्षक ने इमरजेंसी वार्ड से वार्ड बॉय को हटा दिया है। उन्हें आईसोलेशन वार्ड में भेज दिया है। स्पष्टीकरण भी मांगा गया।