हारनपुर में घने कोहरे में देहरादून रोड से लाइट जलाकर आते वाहन
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सर्दी का सितम बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार की रात इस मौसम की अभी तक की सबसे ठंडी रात रही, जिसमें न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार की सुबह घना कोहरा रहा। ओस बौछार की तरह पड़ रही थी, जिसमें लोगों के हाड़ तक कांप उठे। हालांकि दिन में हल्की धूप निकल आने से सर्दी से कुछ राहत मिली।
15 दिसंबर से 15 जनवरी तक सबसे अधिक सर्दी का मौसम माना जाता है। पहले दिन यानी 16 दिसंबर को अचानक बढ़ी सर्दी ने यह साबित भी कर दिया। हालांकि जनपद में दो दिन पहले चली तेज हवा को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों से आगामी दिनों में पाला पड़ने और सर्दी बढ़ने की आशंका जता दी थी। शुक्रवार की सुबह कोहरे की चादर ओढ़े आई। सुबह स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों को सर्दी ने सबसे अधिक परेशान किया। कोहरे की स्थिति यह थी कि दुपहिया वाहन सवार लोगों के कपड़े और बाल कोहरे के कारण भीग गए। हाईवे पर घना कोहरा रहने के कारण वाहन धीमी गति से चले। हालांकि पूर्वाह्न 11 बजे तक धूप निकल आई। दिन भर हल्की धूप रहने से सर्दी से कुछ हद तक राहत मिली। लेकिन शाम छह बजे के बाद सर्दी ने फिर से असर दिखाया। आगामी दिनों में सर्दी के और बढ़ने का अनुमान है।
बीते एक सप्ताह का तापमान
तिथि-----------न्यूनतम---अधिकतम
16 दिसंबर------05.4----21.2
15 दिसंबर------06------21
14 दिसंबर------07.2----25
13 दिसंबर------07------26
12 दिसंबर------07------26.5
11 दिसंबर------07------26
10 दिसंबर------08.5----26