-रविवार दोपहर लोगों को जलती-चुभती धूप के साथ ही लू के थपेड़ों ने भी किया परेशान
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। रविवार को तापमान 43 डिग्री पर पहुंच गया। दोपहर में जलती-चुभती धूप के साथ ही लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया। आलम यह रहा कि पंखे की हवा भी गर्मी से राहत नहीं दिला सकी। न्यूनतम के साथ ही अधिकतम तापमान भी अभी तक सर्वाधिक पर पहुंच गया।
रविवार की सुबह आसमान में बेहद हल्के बादल थे, लेकिन पूर्वाह्न 11 बजे तक आसमान पूरी तरह साफ हो गया। चिलचिलाती धूप में खड़ा होना तक मुश्किल रहा। दोपहर में तेज धूप के साथ ही हवा भी लू में बदल गई। बाजारों में लोग नहीं दिखे और सड़कों पर भी सन्नाटा ही रहा। तापमान की बात करें तो अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान भी अभी तक के अपने सर्वाधिक पर पहुंच गया। जो न्यूनतम तापमान शनिवार को 24.3 डिग्री सेल्सियस पर था, वह बढ़कर 26.4 पर पहुंच गया, जिसके चलते गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। अधिकतम तापमान की बात करें तो शनिवार को 42 डिग्री सेल्सियस की तुलना में रविवार को वह 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अगले 24 घंटे में तापमान में गिरावट का अनुमान है, लेकिन उमस रहेगी। मौसम वैधशाला के प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि इस सप्ताह के मध्य तक बादल आ सकते हैं, लेकिन बारिश होने की संभावना कम ही है।
गर्मी से बचाव के उपाय
-अधिक से अधिक पानी पीए (शिकंजी, लस्सी, जूस, रस भी ले सकते हैं)।
-खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूज आदि का सेवन करें।
-बेवजह धूप में ना निकलें यदि जरूरी हो तो सिर को ढककर निकलें।
-हल्के रंग के और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर निकलें।
बीते पांच दिन का तापमान
तिथि न्यूनतम अधिकतम
11 जून 26.4 43
10 जून 24.3 42
09 जून 22.6 39
08 जून 22 37.6
07 जून 22.8 35.5