सहारनपुर। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित संभागीय परिवहन विभाग का ऑडिट कर टीम लौट गई है। अब टीम जांच के आधार पर रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपेगी। सात महीने के अंतराल में दूसरी बार ऑडिट टीम आने से कार्यालय कर्मचारियों में खलबली मची है।
इसी सप्ताह लखनऊ परिवहन मुख्यालय से ऑडिट टीम जिले में आई थी। टीम में शामिल मनोज श्रीवास्तव ने संभागीय परिवहन विभाग के रिकॉर्ड का ऑडिट किया। परमिट नवीनीकरण, फिटनेस, लाइसेंस से संबंधित प्रत्येक फाइल की बारीकी से जांच की। उन्होंने कार्यालय का पुराना रिकॉर्ड भी खंगाला। दिनभर टीम एक कमरे में बैठकर फाइलों की जांच करती रही। जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार को ऑडिट टीम लखनऊ लौट गई है। अब टीम जांच के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगी और उसका आकलन करने के बाद मुख्यालय को सौंपेगी। इससे पहले ऑडिट टीम दिसंबर 2023 में आई थी। उसके बाद जुलाई में फिर से ऑडिट टीम आने के चलते कार्यालय में खलबली मची है। उधर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि लखनऊ से आई टीम ऑडिट कर लौट गई है।