बादलों की ओट में छिपा रहा सूरज, गलन के साथ बढ़ी ठिठुरन
सहारनपुर। मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। दो दिन के बीच तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को दिनभर सूरज बादलों से आंखमिचौली खेलता रहा। सर्द हवा की रफ्तार तेज रही। इस कारण ठिठुरन का दौर जारी रहा। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार को बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
शुक्रवार सुबह कोर्ट रोड पुल के पास रहने वाले असहाय लोग कंबल के साथ रजाई में लिपटे बैठे नजर आए। वहीं, घंटाघर के पास लोग सड़क किनारे अलाव का सहारा लेते दिखे। सुबह से छाया घना कोहरा पूर्वाह्न 11 बजे तक जारी रहा। इसके बाद कोहरा तो छंटा तो धूप सूरज देवता के दर्शन हुए। हवा की रफ्तार 07 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। इस कारण ठिठुरन का दौर रहा। ठंड में इजाफा होने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस था, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में गिरावट की वजह दिन में धूप का नहीं निकलना बताया जा रहा है।
मुजफ्फराबाद स्थित मौसम वैधशाला के प्रभारी उमेश कुमार के मुताबिक शनिवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। आकाश में बादल छाए रहने के आसार हैं। रविवार को बूंदाबांदी हो सकती है। इससे ठंड में इजाफा होगा।
- छह दिन में तापमान की स्थिति
-- तारीख ---- न्यूनतम ---- अधिकतम
22 जनवरी --- 5.5 ------- 15.2
21 जनवरी --- 5.8 ------ 15.5
20 जनवरी --- 08 -------- 16
19 जनवरी --- 5.5 ------- 24.2
18 जनवरी --- 05 -------- 22
17 जनवरी --- 06 -------- 17.5