सहारनपुर में ठंड और कोहरे के चलते अपने वाहनो की लाइट जलाकर जाते वाहन चालक
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। पहाड़ी क्षेत्रों में होती बर्फबारी के कारण तीसरे दिन भी शीत लहर का प्रकोप बना रहा। सूरज दिन भर बादलों में छिपा रहा। शीत लहर के कारण लोग कंपकंपा रहे हैं। पूर्वानुमान है कि अभी मौसम ऐसा ही बना रहेगा तथा न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मंगलवार को सुबह कोहरा भी छाया रहा। मंगलवार को महानगर में साप्ताहिक बंदी रहती है, जिस कारण कोर्ट रोड पर स्टेशनरी एवं मेडिकल स्टोर और रेस्टोरेंट तो खुले रहे, लेकिन अन्य प्रतिष्ठान बंद रहे। शीत लहर के कारण बनी कड़ाके की सर्दी से सड़कें सुनसान रहीं। आलम यह रहा कि दोपहर में भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। शहर के घंटाघर, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा आदि सार्वजनिक स्थानों और चौराहों के आसपास लोग अलाव सेंककर सर्दी से निजात पाने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन अलाव से अलग हटते ही शीत लहर ने बेहाल करके रख दिया। मुजफ्फराबाद स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी उमेश कुमार के मुताबिक मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.5 और अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अभी दो दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने के आसार हैं तथा बुधवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
कोर्ट रोड़ पुल पर अलाव के सहारे बैठे लोग- फोटो : SAHARANPUR