सहारनपुर। ई रजिस्ट्री व्यवस्था और कार्यालय स्थानांतरण को लेकर दस्तावेज लेखक एसोसिएशन रविवार को भी हड़ताल पर रहे। एसोसिएशन ने सोमवार को भी हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं ने भी नो वर्क की घोषणा की हुई है। दोनों ही एसोसिएशन ने सोमवार को धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन देंगे।
दस्तावेज लेखक एसोसिएशन के अध्यक्ष लुकमान अहमद ने बताया कि कार्यालय स्थानांतरण को लेकर एसोसिएशन की हड़ताल सोमवार को भी जारी रहेगी। जब तक स्थाई समाधन नहीं निकल जाता, तब तक दस्तावेज लेखक हड़ताल जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री कार्यालय को तहसील परिसर से दूर ले जाने का असर सभी पर पड़ेगा। दस्तावेज लेखक से लेकर अधिवक्तागण तो परेशान होंगे ही। साथ ही रजिस्ट्री, नौटरी आदि कराने आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रस्तावित कार्यालय दूर होने के साथ ही अन्य कई व्यवहारिक समस्याएं भी हैं। नियमानुसार रजिस्ट्री कार्यालय तहसील परिसर में ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोमवार को इस संबंध में जिलाधिकारी से भी मुलाकात की जाएगी।
वहीं, कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के महासचिव सरोत्तन सिंह ने बताया कि कार्यालय स्थानांतरण के विरोध में सोमवार को भी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। मांगों के संबंध में धरना प्रदर्शन के साथ ही ज्ञापन भी दिया जाएगा। इस दौरान दस्तावेज लेखक एसोसिएशन के महासचिव नवाब सिंह चौहान, प्रमोद सैनी, मोहन कुमार, राकेश सैनी, अभिषेक जैन, प्रभात सिंह, अंकित धीमान आदि रहे।