सहारनपुर। जल निगम ने पुराना कलसिया रोड पर करीब 400 मीटर सड़क का चौड़ीकरण किया है। खास बात यह है कि सड़क बनाने के बाद मिट्टी साइड में ही छोड़ दी है। इससे हल्की सी बरसात में भी सड़क पर जलभराव हो रहा है। जिससे सड़क के जल्द टूटने की आशंका है।
पुराना कलसिया रोड पर गांव ज्ञानागढ़ से बिशनपुर तक करीब 400 मीटर की सड़क को दोनों साइड में करीब दो-दो फुट बढ़ाया गया है। चौड़ीकरण के लिए जल निगम ने दोनों ओर करीब एक-एक फुट तक सड़क की खोदाई जेसीबी से कराई थी, जिसकी मिट्टी किनारे लगा दी गई थी। खोदी गई सड़क में पत्थर भरकर चौड़ीकरण तो कर दिया गया, लेकिन मिट्टी सड़क के किनारे ही छोड़ दी गई। इससे साइड ऊंची और सड़क नीची हो रही है। बरसात का पानी सड़क से बहकर नाली में नहीं जा पा रहा है। नतीजा हल्की सी बारिश में जलभराव हो रहा है। चूंकि आगामी माह बारिश का है। ऐसे में जलभराव की वजह से सड़क के जल्द टूटने की आशंका है। उधर, गांव चकदेवली में भी यही स्थिति है। अवर अभियंता नईम अख्तर का कहना है कि सड़क की साइड से जल्द ही मिट्टी हटवाई जाएगी।