सहारनपुर में सर्दी का सितम लगातार बढ़ रहा है। कोहरे और ठंड की वजह से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा सबसे अधिक समस्या उन मासूमों के सामने आ रही है, जिनके स्कूल अब भी आठ और नौ बजे खुल रहे हैं।
मंगलवार की सुबह मौसम में भारी कोहरा और ठंड रही। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। हालांकि 11 बजे के बाद धूप निकल आई। दोपहर में आलम यह था कि लोगों को गर्म कपड़े उतार देने पड़े।
उधर, सर्दी की वजह से जनपद के ज्यादातर स्कूल सुबह दस बजे के हो गए हैं, मगर कुछ स्कूल संचालकों की मनमानी के करण कई स्कूल आज भी आठ और नौ बजे खुल रहे हैं। ऐसे में मासूमों को सुबह जल्द उठना पड़ रहा है।
साथ ही ठंड में स्कूल जाने को मजबूर हैं। मंगलवार को भी कोर्ट रोड पुल से अनेक बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जाते नजर आए। उधर, सर्दी की वजह से गर्म कपड़ों की सेल भी बढ़ गई है। नोट बंदी की वजह से अभी तक गर्म कपड़े नहीं खरीद सके लोगों के लिए मंगलवार का बाजार बेहतर विकल्प रहा।
यही वजह है कि मंगलवार को गर्म कपड़े खरीदने के लिए नेहरू मार्केट में हजारों की संख्या में लोग उमड़े। इसकी वजह से रास्ता भी बाधित रहा, जिसकी वजह से राहगीरों को परेशानी रही।