गांव बीराखेडी में बरसात से गिरी छत की कडियां
गंगोह/तीतीरों। बरसात के चलते गांव गंगोह के बीराखेड़ी में एक घर की कड़ियों की छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में दबने से तीन बच्चों सहित गृहस्वामी घायल हो गया। घर में रखा हजारों रुपये का सामान भी बर्बाद हो गया। उधर, तीतरों में भी कच्चा मकान गिरने से ग्रामीण की गृहस्थी का सामान खराब हो गया।
सोमवार दोपहर श्यामो पुत्र सिंगरू अपने बच्चों 12 वर्षीय हिमांशु, 8 वर्षीय सन्नो और 6 वर्षीय तनिक के साथ घर में बैठा हुआ था। उसकी पत्नी रूबी मायके गई हुई थी। तभी अचानक उसकी छत की कड़ियां गिरने लगीं। वह बच्चों को लेकर बाहर निकला। तब तक उनके ऊपर मलबे का कुछ भाग गिरने से वह चुटहिल हो गए। उनकी चीख पुकार सुनकर आये ग्रामीणों ने उन्हें गांव में ही चिकित्सक के यहां ले जाकर उपचार कराया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रपाल सिंह ने इसकी सूचना तुरंत हल्का लेखपाल शिव कुमार शर्मा को देकर पीड़ित परिवार की सहायता की मांग की है।
उधर, तीतरों के ग्राम कंकराला निवासी राजपाल पुत्र बाबूराम के कच्चे मकान में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से बीती रात्रि पानी घुस गया था। ग्रामीण ने परिवार की मदद से पानी को रोककर जैसे-तैसे रात गुजारी परंतु दिन निकलते ही उसका कच्चा मकान भरभरा कर अचानक गिर गया। इससे उसके खाने पीने की सामग्री व कपड़े आदि दब कर खराब हो गए। ग्रामीण परिवार सहित पड़ोसी के मकान में शरण लेने को मजबूर हैं। पीड़ित ग्रामीण का कहना है कि उसने कई माह पूर्व ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों से मकान बनवाने की गुहार लगाई थी परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गांव बीराखेडी में बरसात से गिरी छत की कडियां