Sarsawa commotion in the police station in the village after the accident.
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के सरसावा में अंबाला रोड पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को फिर दिन निकलते ही बाइक सवार लकड़ी ठेकेदार की कार से टक्कर होने से मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में हंगामा भी किया। बाद में आरोपी चालक के खिलाफ नाम नामजद तहरीर दी।
ग्राम पिलखनी निवासी इसरार ने बताया कि उसका साला हसीन 50 वर्ष निवासी मोहम्मदपुर गाड़ा थाना बड़गांव लकड़ी की ठेकेदारी का काम करता था। इसी सिलसिले में हसीन शुक्रवार सुबह पांच बजे बाइक से यमुनानगर जा रहा था।
जैसे ही वह सरसावा में ईदगाह के समीप पहुंचा तो सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे हसीन बाइक सहित गिर पड़ा तथा सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
इसी बीच राहगीरों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक की जेब से मिली डायरी में लिखे मोबाइल नंबरों से पहचान कर उसके घर सूचना।
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के गांव के लोगों की भीड़ थाने पहुंच गई तथा हंगामा करते हुए पुलिस पर आरोपी कार चालक को बचाने का आरोप लगाया।
मौके पर आए जिला पंचायत सदस्य केसर नदीम के समझाने पर लोग शांत हुए। इस मामले में आरोपी कार चालक राजेंद्र निवासी ग्राम हैबतपुर थाना सढोरा यमुनानगर, हरियाणा के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।