सहारनपुर। सहारनपुर से श्री ब्रदीनाथ धाम तक बस चलाए जाने का प्रस्ताव अधर में लटक गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम के साथ उत्तरप्रदेश परिवहन निगम के बीच कुछ तकनीकी दिक्कत आई हैं, जिनको दूर कराया जा रहा है। उम्मीद है कि 2025 में श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही बस सेवा शुरू होगी।
दरअसल, सहारनपुर से श्री बद्रीनाथ धाम तक बस सेवा चलाए जाने की मांग काफी समय से श्रद्धालु कर रहे हैं। जिले से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु अप्रैल माह में श्री ब्रदीनाथ धाम के कपाट खुलते ही दर्शन करने जाना शुरू हो जाते हैं, लेकिन आवागमन काे लेकर श्रद्धालुओं को दिक्कत उठानी पड़ती है। पहले रात में श्रद्धालुओं को उत्तरप्रदेश परिवहन निगम की बस से हरिद्वार पहुंचना पड़ता है। हरिद्वार बस स्टैंड से तीन बस रोजाना श्री बद्रीनाथ धाम के लिए चलती हैं। पहली बस सुबह चार बजे, दूसरी, पांच और तीसरी छह बजे जाती है, जो शाम छह से सात बजे तक श्री ब्रदीनाथ धाम पहुंचती है। इसी तरह वापसी के लिए भी श्री ब्रदीनाथ धाम से पहली बस सुबह चार, दूसरी पांच और तीसरी छह बजे चलती है। सहारनपुर से सीधे बस चले तो श्रद्धालुओं को श्री बद्रीनाथ धाम तक पहुंचने में आसानी हो जाएगी।
-
अप्रैल 2025 में बस सेवा शुरू होने की उम्मीद
नगर विधायक राजीव गुंबर ने प्रदेश के परिवहन मंत्री को सहारनपुर से श्री ब्रदीनाथ धाम तक बस चलाए जाने का प्रस्ताव सौंपा था। इसको लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारियों के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन कुछ विभागीय तकनीकी दिक्कत आई हैं। नगर विधायक राजीव गुंबर ने बताया कि तकनीकी दिक्कत को दूर कराया जा रहा है। वर्ष 2025 में श्री ब्रदीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही सहारनपुर से बस सेवा शुरू होगी। इसको लेकर उनकी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री से बातचीत हो चुकी है।