सहारनपुर में आयकर विभाग की टीमों ने शहर के कोर्ट रोड, दिल्ली रोड एवं हकीकत नगर स्थित तीन निजी अस्पतालों में छापा मारा। जिससे जिले भर के चिकित्सकों में खलबली मच गई। टीम ने चिकित्सकों के रिकार्ड की जांच की सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेजी है।
बुधवार को सुबह लगभग साढ़े 10 बजे ही अचानक आयकर विभाग की तीन टीमों ने दिल्ली रोड स्थित डा. मोहन पांडेय के अस्पताल, डा. ममता पांडेय के कोर्ट रोड स्थित नर्सिंग होम पर और हकीकत नगर स्थित डा. अंजू सहगल के नर्सिंग होम पर एक साथ छापा मारा।
छापा लगते ही नर्सिंगहोम पर हड़कंप मच गया। टीम ने चिकित्सकों को बैठा लिया और दोपहर तक पूछताछ की। टीम ने दिनभर अस्पताल के अभिलेखों को खंगाला और खातों की जानकारी की।
इसके अलावा टीम ने आने वाले मरीजों, अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं रिकार्ड में पुराने मरीजों का सर्वे किया। टीम के साथ पुलिस ने नर्सिंगहोम को घेर लिया और बाहर भी तैनात रही। जिससे कोई विरोध एवं हंगामा न कर सके। इस दौरान अस्पतालों के बाहर लोगों की भीड़ लग गई।
तीन अस्पतालों में छापामार कार्रवाई होने की सूचना से जिले भर के चिकित्सकों में खलबली मची रही। यहां तक कि चिकित्सक एक दूसरे को फोन करके पूछते रहे कि उनके यहां तो टीम नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग कई अन्य अस्पतालों पर भी छापामारी की तैयारी कर रहा है।
टीमें शाम तक अस्पतालों में डटी रहीं और जांच के साथ सर्वे का भी कार्य किया। आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी तीन ही चिकित्सकों का सर्वे किया जा रहा है।
बाद में अन्य अस्पतालों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सर्वे किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वे एवं जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसे शासन को भेजा जाएगा। आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार की जाएगी।