सहारनपुर के देवबंद में सनातन धर्म की रक्षा के लिए हिंदू स्वाभिमान की ओर से विजय की देवी मां बगलामुखी का पांच दिवसीय महायज्ञ सोमवार से आरंभ हो गया।
इसमें शामिल हुए वयोवृद्ध संयासी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज ने भारत की पांच प्रमुख समस्याओं के हल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से पत्र लिखा है।
देवीकुंड पर आयोजित महायज्ञ में शामिल हुए संतों के बीच स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से लिखे पत्र में कहा कि हिंदू समाज यह देखकर हतप्रभ है कि धर्म निरपेक्षता के नाम पर चल रही मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति को आप न केवल जारी रखे हुए हैं।
बल्कि और भी आगे बढ़ा रहे हैं। यह दिशा न केवल राष्ट्र के लिए घातक है बल्कि यह आपके और आपकी पार्टी के लिए भी विनाशकारी साबित होगी।
स्वामी ब्रह्मानंद ने पीएम से मुस्लिम वोट बैंक की चिंता छोड़कर देश और धर्म की रक्षा के लिए उचित व ठोस कदम उठाने के साथ ही देश को बचाने के लिए
कठोरतम जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने, पाकिस्तान को अविलंब शत्रु देश घोषित करके सभी समझौते समाप्त करने तथा आतंकवाद और दंगों पर नियंत्रण के लिए कठोर कानून बनाए जाने की मांग की है।
इस मौके पर हिंदू स्वाभिमान के प्रांत अध्यक्ष अभिषेक त्यागी यदि नरसिंहानंद, चेतना शर्मा, स्वामी विवेकानंद, श्यामानंद, मनीष त्यागी, राहुल वाल्मीकि, शिवम शर्मा, सन्नी, विनय कुच्छल, हरबीर सिंह, राजीव धीमान, रोहित कौशिक आदि मौजूद रहे।