सहारनपुर। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे बिजली भी नखरे दिखाने लगी। गर्मी में बिजली आपूर्ति चरमराने लगी है। सबसे ज्यादा खराब हालत जैन बाग बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों की है। यहां दिनभर कट लगने से लोगों में रोष है। आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो किसी दिन भी लोगों का गुस्सा फूट सकता है।
जैन बाग बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में विद्युत कटौती का कोई समय निश्चित नहीं है। आलम यह है दिन निकलने के साथ ही इस बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में रोस्टिंग का सिलसिला शुरू हो जाता है। हर आधा घंटा में कट लग रहा है। इस संबंध में जानकारी करने पर बिजलीघर के कर्मचारियों द्वारा कभी बड़ी लाइन में ब्रेकडाउन तो कभी कोई अन्य तकनीकी कारण बता दिया जाता है। क्षेत्रीय लोगों और कारोबारियों का कहना है कि तकनीकी फाल्ट यदा कदा हो सकता है, लेकिन यहां तो पूरे दिन हर आधा घंटा में बिजली का कट लग रहा है। अनियमित विद्युत आपूर्ति का सीधा असर बिजली आधारित काम धंधों पर पड़ रहा है।
जैन बाग बिजलीघर से ही खाता खेड़ी स्थित वुडकॉर्विंग के कारखानों को बिजली आपूर्ति होती है। ऐसे में इस कारोबार पर भी काफी बुरा असर पड़ रहा है। दिन भर बिजली कट लगने से व्यापारियों और कारोबारियों में खासा रोष है। उन्होंने जल्द शासन के आदेशों के अनुरूप निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी में निर्बाध आपूर्ति देने के लिए पुराने तारों को बदला जा रहा है।