सहारनपुर। ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने सहित अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिला गन्ना अधिकारी सुशील कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र प्रारंभ होने से पहले संपूर्ण बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराया जाए।
बृहस्पतिवार को जिला गन्ना अधिकारी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सौंपे ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि नया पेराई सत्र प्रारंभ होने वाला है। लेकिन अभी तक दो चीनी मिलों ने संपूर्ण बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जो किसान बजाज और दया शुगर मिलों को गन्ना सप्लाई नहीं करना चाहते हैं उन्हें दूसरे चीनी मिलों के क्रय केंद्र दिलाए जाए।
चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। ज्ञापन देने से पहले राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठक मल्हीपुर रोड स्थित जिला कार्यालय पर हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष चौधरी सुखवीर सिंह, विरेंद्र प्रधान, नवीन खटाना, अभिषेक चौहान, अनुज कुमार, शेखर चौधरी, अमित पंवार आदि रहे।