सहारनपुर। होली के त्योहार को लेकर परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मार्गों पर यात्रियों की भीड़ के अनुसार रोडवेज बसों का संचालन होगा, ताकि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े। एक बस दो अतिरिक्त फेरे लगाएगी, साथ ही बस अड्डों पर अधिकारी तैनात रहेंगे।
सहारनपुर परिवहन निगम परिक्षेत्र के छह डिपो में करीब 578 बसों का बेड़ा है। आठ मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा। इससे पहले परिवहन निगम मुख्यालय ने चालक-परिचालक और कार्यशाला में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना जारी कर दी है। यह प्रोत्साहन योजना तीन मार्च से 12 मार्च तक प्रभावी रहेगी। सहारनपुर से देहरादून, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, अंबाला, जगाधरी, गंगोह आदि मार्गों पर बसें दो अतिरिक्त फेरे लगाएंगी, ताकि होली पर घर जाने में लोगों को परेशानी न हो सके।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज बशीर ने बताया कि जो चालक-परिचालक नौ दिन तक 300 किलोमीटर का संचालन करेंगे, उन्हें 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से एक मुश्त 3150 रुपये का भुगतान किया जाएगा। 10 दिन बस चलाने पर चार हजार रुपये मिलेंगे। डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशाला में कार्यरत कर्मचारियों को 10 दिन लगातार ड्यूटी करने पर 1200 रुपये और नौ दिन काम करने पर एक हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा।