सहारनपुर। पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। अब तक 4000 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है। इनमें सबसे बड़ी कार्रवाई हाल ही में ईडी ने हाजी इकबाल और उनके रिश्तेदारों के नाम औने-पौने दामों में खरीदी गई तीन चीनी मिलों सहित 995 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करके की है। इसे इकबाल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
ईडी पहले भी कस्बा मिर्जापुर निवासी हाजी इकबाल की सहारनपुर, नोएडा और लखनऊ में करीब 63 स्थानों पर अवैध संपत्तियां चिह्नित कर उन्हें जब्त कर चुकी है। हाल ही में जब्त की गई संपत्तियों में हाजी इकबाल और उनके रिश्तेदारों के मालिकाना हक वाली देवरिया के बैतलपुर, भटनी और शाहगंज में स्थित मैसर्स मालो इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स डायनेमिक शुगर्स प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स हनीवेल शुगर्स प्राइवेट लिमिटेड चीनी मिल शामिल हैं। आरोप है कि हाजी इकबाल ने इन चीनी मिलों का धोखाधड़ी से अधिग्रहण किया था। ईडी की जांच में सामने आया कि नीलामी के माध्यम से ली गई इन चीनी मिलों का बहुत ही कम कीमत पर मूल्यांकन किया गया था।
इकबाल के चारों बेटे अब्दुल वाजिद, जावेद, मोहम्मद अफजाल, अलीशान और उसके भाई पूर्व एमएलसी महमूद अली पर भी काफी मामले दर्ज हैं। सीबीआई अलग से इन मामलों की जांच कर रही है। इसके अलावा ईडी में भी हाजी इकबाल के खिलाफ मामले चल रहे हैं।
-
लगातार सुर्खियों में है इकबाल
पिछले कुछ दिनों से इकबाल लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। कुछ दिन पहले मिर्जापुर के तत्कालीन इंस्पेक्टर को पुलिस सेवा से बर्खास्त किया गया था, जिन पर आरोप था कि उन्होंने इकबाल की संपत्ति का अपनी पत्नी के नाम पर बैनामा कराया। फिलहाल मिर्जापुर थाने के एक उप निरीक्षक को भी निलंबित किया गया है। दो दिन पहले हाजी इकबाल की पत्नी ने सीएम को शिकायती पत्र भेजकर एसआई पर गंभीर आरोप लगाए थे।