लखनऊ एनेक्सी से निकलते सांसद और राज्यमंत्री।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में एसएसपी आफिस पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना पर बुधवार को सहारनपुर के सांसद राघव लखन पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने अपना पक्ष रखा।
राघव ने मुख्यमंत्री को पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि एसएसपी आवास पर उनके लोगों द्वारा कोई तोड़फोड़ नहीं की गई। मुख्यमंत्री से मुलाकात के समय मुजफ्फरनगर के सांसद व केंद्र में मंत्री संजीव बालियान भी साथ में थे।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद राघव ने कहा कि मुख्यमंत्री को उन्होंने पूरी घटना से अवगत करा दिया है। अखिलेश यादव ने जो बातें कहीं वह इसलिए कही हैं क्योंकि वह विपक्ष में हैं। सहारनपुर की घटना पर मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से राघव लखनपाल ने इंकार कर दिया।
वहीं संजीव बालियान ने कहा कि मुजफ्फरनगर में एसएसपी आवास पर तोड़फोड़ की कोई घटना ही नहीं हुई। संजीव ने राघव लखनपाल पर लगाए जा रहे आरोपों को बे बुनियाद बताया और कहा कि जांच हो रही है सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा कराई गई जांच और उसकी रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर संजीव बालियान ने कहा कि वह अब सरकार में नहीं हैं, उनकी जांच के कोई मायने नहीं हैं।
विपक्ष में रहते हुए वह क्या बोल रहे हैं इससे कोई मतलब नहीं है। संजीव त्यागी ने कहा कि एसएसपी आवास पर कोई तोड़फोड़ नहीं हुई उन्होंने मीडिया कर्मियों का चुनौती दी कि अगर किसी के पास तोड़फोड़ का फुटेज हो तो उसे दिखाए, सरकार उस पर कार्रवाई करेगी।