लूट की घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक
- रामपुर मनिहारान में बाइक पर सवार होकर आए थे नकाबपोश बदमाश
- तमंचा दिखा अतिव्यस्त बाजार में की वारदात
रामपुर मनिहारान। कस्बे के मेन बाजार स्थित भारत गैस एजेंसी से दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर कैशियर को आतंकित करते हुए 2.70 लाख रुपये की नगदी लूट ली और आसानी से फरार हो गए। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
मोहल्ला कायस्तान में मेन बाजार पुराने बैंक के पास भारत गैस एजेंसी का कार्यालय है। दोपहर बाद करीब 3.30 बजे एजेंसी के कर्मचारी पल्लव शर्मा और मुकुल सैनी कैश जमा करने के लिए बैंक जाने की तैयारी में लगे थे। तभी बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश एजेंसी में घुसे और तमंचे के बल पर कर्मचारियों को आतंकित करते हुए दो लाख 70 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। दिनदहाड़े कस्बे के बीच गैस एजेंसी से हुई लूट की घटना से अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक भी मौके पर पहुंचे और एजेंसी मालिक अमित कपिल व कर्मचारियों से जानकारी ली। पुलिस ने गैस एजेंसी पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला व डीवीआर को कब्जे में लिया।
लूट की वारदात के बाद नगर पंचायत चेयरपर्सन प्रतिनिधि कुलदीप बालियान व बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर जुट गए। पुलिस बाजार में दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना की जानकारी की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।