बिहारीगढ़। कस्बे में पान की दुकान पर बैठे खनिज परिवहन कारोबारी को गोली मारने के आरोपी के खिलाफ पीड़ित के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि रायल्टी कर्मचारियों से साथ हुई फायरिंग की घटना के बाद आरोपी कारोबारी से रंजिश रखने लगा था।
बता दें, कि गांव थापुल निवासी मुकर्रम पुत्र असलम को सचिन की पान की दुकान पर बुधवार देर शाम बाइक सवार ने गोली मार दी थी। गोली उसकी टांग में लगी थी, जिसके बाद उसे सहारनपुर अस्पताल भर्ती कराया गया था। इस मामले में घायल के भाई अकरम ने थापुल निवासी ओमान पुत्र इमरान के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट में बताया कि करीब चार माह पूर्व बुग्गावाला रोड स्थित उनके मकान में रह रहे खनिज रायल्टी कर्मचारियों पर हुई फायरिंग की घटना में ओमान शामिल था।
इसमें वह जेल भी गया था। कुछ दिन पहले ही वह छूटकर आया था। ओमान इस बात से रंजिश रखता था कि यदि मुकर्रम चाहता तो उस मुकदमे से उसका नाम कटवा सकता था। इसकी रंजिश में उसने उसके भाई पर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।