सहारनपुर के अधिक तापमान के चलते एक्टिवा पर चेहरे पर कपड़ा लपेट कर जाती महिलाएं
सहारनपुर। तीन दिन बाद फिर से तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। रविवार को दिन भर तीखी धूप और लू के थपेड़ों से नागरिक परेशान रहे। आगामी दिनों में तापमान के फिर से बढ़ने का अनुमान है।
जनपद में छह जून से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक चल रहा था। एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा था, लेकिन रविवार को तापमान में और वृद्धि हुई, जिसके बाद अधिकतम तापमान बढ़कर 42 पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही मौसम गर्म रहा। सुबह दस बजे के बाद धूप में खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था।
दोपहर 12 बजे के बाद धूप तीखी हुई। लू के साथ तेज धूप के कारण सड़कों पर कम भीड़ रही। शाम 6:30 बजे तक गर्मी का प्रकोप बना हुआ था। मौसम विभाग ने 15 जून तक तापमान में और वृद्धि होने का अनुमान जताया है। 15 से 25 जून के बीच हल्की बूंदाबांदी भी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैधशाला प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि जून सबसे गर्म महीना रहता है। ऐसे में आगामी दिनों में तापमान में वृद्धि हो सकती है। साथ ही बारिश का मौसम भी बन सकता है।