कांवड़ मार्ग निरीक्षण के दौरान कांवड़ शिविर संचालकों व पार्षदों से विचार विमर्श करते महापौर डॉ.अज
नागरिकों ने कांवड़ मार्ग से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराते हुए निस्तारण की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने शनिवार की शाम जलकल, निर्माण व अन्य विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान नगरवासियों ने उन्हें कांवड़ मार्ग से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराते हुए निस्तारण कराने की मांग की। महापौर और नगर आयुक्त देहरादून रोड़ स्थित कुम्हारहेड़ा में कांवड़ शिविर स्थल पहुंचे, जहां कांवड़ सेवा संघ के दिनेश सेठी, संजय फुटेला, राजीव चानना, पवन सेठी, ललित पोपली व रविकांत धीमान आदि ने समस्याओं से अवगत कराया। पोस्टमार्टम हाउस के सामने व बड़ी नहर पर शिविर स्थल को समतल कराने की मांग की गई। दिनेश सेठी व संजय फुटेला ने पोस्टमार्टम हाउस के सामने शिविर स्थल के स्थान पर टायल बिछवाने की मांग रखी। जेल के बाहर नाले के बीच एक बिजली का खंभा होने से नाले में होने वाले जलभराव से क्षेत्र वासियों, पार्षदों एवं कांवड़ शिविर संचालकों ने अवगत कराया। रिमाउंट डिपो के बराबर में पीडब्लूडी द्वारा बनाए नाले के बावजूद वहां भारी जलभराव की समस्या रखी। महापौर व नगरायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीडब्लूडी के अधिकारियों को बुलाकर इस पर बात करें। क्लार्क होटल चौक पर लगने वाले कांवड़ शिविर स्थल के पास तारों के बंडल हटवाने और वहां गड्ढा भरने के भी निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगरायुक्त राजेश यादव, मृत्युंजय, जीएम जलकल राधेश्याम, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम व शिवराज सिंह और अधिशसी अभियंता आलोक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।