पाडली में दुकान का गिरा हुआ लिंटर और मौके पर जुटी भीड़।संवाद
मिर्जापुर। कोतवाली के पाडली गांव में निर्माणाधीन दुकान का लिंटर गिरने से राज मिस्त्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि दुकान मालिक और छह मजदूर घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर है। हादसे के बाद एसडीएम, सीओ एवं कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंच सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।
गांव का ही नफीस पुत्र शब्बीर अपनी दुकान का निर्माण कर रहा है। शाम चार बजे लिंटर डालने का काम शुरू किया गया था। देर शाम लिंटर के नीचे लगी बल्ली तिरछी हो गई, जिसे दुकान मालिक और मजदूरों के साथ सीधा करने का प्रयास राजमिस्त्री वसीम (40) पुत्र कुर्बान निवासी मिर्जापुर कर रहा था। इसी दौरान भरभरा कर लिंटर गिर गया। इसके नीचे सभी लोग दब गए। काफी मशक्कत के बाद इन्हें बाहर निकाला जा सका। मलबे के नीचे दबने से वसीम की मौत हो गई, जबकि दुकान मालिक नफीस एवं मजदूर सलमान, चंद्रपाल, इसरार निवासीगण मिर्जापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि तीन मजदूरों मुस्तकीम, रहमान और नफीस को मामूली चोटें आईं, जिन्हें सीएचसी से उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार प्रकाश सिंह, सीओ अभितेश सिंह, कोतवाली प्रभारी बीनू चौधरी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया।
सीओ ने बताया कि अभी मामले में तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर देर रात तक राज मिस्त्री का शव अस्पताल में रखा था। परिजन बिना कार्रवाई के शव की मांग कर रहे थे।