सहारनपुर। गन्ना किसानों को समिति की सदस्यता दिलाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उप गन्ना आयुक्त ओपी वर्मा ने बताया कि सदस्य बनने के लिए 30 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है।
उप गन्ना आयुक्त नानौता में गन्ना सट्टा सर्वे प्रदर्शन का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने किसानों से कहा कि यदि किसी किसान के पास एंड्राइड फोन नहीं है या जानकारी नहीं है तो वह अपनी गन्ना विकास समिति या गन्ना विकास परिषद में तैनात स्टाफ से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। सदस्य बनने के लिए मात्र 21 रुपये का शुल्क देना होगा। किसान अपने क्षेत्र के सुपरवाइजर, गन्ना विकास निरीक्षक से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों को किसानों की सहायता करने करने के निर्देश दिए। गन्ना समिति में सदस्य बनने पर किसान अपना गन्ना चीनी मिल में आपूर्ति कर सकेंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि सट्टा सर्वे का प्रदर्शन जारी है। सभी किसान अपने रकबे और अन्य आंकड़ों को जांच लें। त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रारुप में अपनी आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। इसके बाद भौतिक सत्यापन होने के बाद संशोधन हो जाएगा।