देवबंद (सहारनपुर)। जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी में पनपे हालात पर चिंता जताते हुए देश के गृहमंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर नफरत फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार को गृहमंत्री और उत्तराखंड के सीएम को भेजे पत्र में मौलाना महमूद मदनी ने उत्तरकाशी के मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताई। साथ ही मुस्लिम समाज के जानमाल की सुरक्षा करने की मांग करते हुए 15 जून (आज) को बुलाई गई महापंचायत पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग की है। मौलाना मदनी ने कहा कि आज जो कुछ उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हो रहा है, इन घटनाओं से राज्य में भय और दो समुदायों के बीच दुश्मनी को हवा देने के अभियान की बू आ रही है। इसके साथ ही यह सत्ताधारी लोगों के गैर जिम्मेदाराना रवैया भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व भी उत्तराखंड में धर्म संसद आयोजित करके मुसलमानों के नरसंहार की धमकी दी गई थी। जिन लोगों ने एक वर्ष पूर्व इन कार्यक्रमों का आयोजन किया था। वह न केवल कानून की पकड़ से बाहर है, बल्कि वर्तमान घटना में भी नफरत फैलाने और धमकी देने वालों में भी शामिल हैं। मौलाना मदनी ने गृहमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।