सहारनपुर। ए श्रेणी के रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत होने वाले कार्यों का टेंडर हो गया है। पंजाब के संगरुर की एक कंपनी को टेंडर मिला है। 10 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे स्टेशन पर काम कराए जाएंगे। जल्द ही काम भी शुरू हो जाएगा।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से अप-डाउन में करीब 150 ट्रेनें गुजरती हैं। 1.50 लाख से अधिक यात्री ट्रेनों में सफर करते हैं। रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय बनाने की घोषणा भी हो गई है। यहीं नहीं सहारनपुर का रेलवे स्टेशन अमृत भारत योजना में भी शामिल किया गया है। इस योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक बनाया जाएगा। रेलवे स्टेशन के परिसर हरियाली से भरे रहेंगे। इसके अलावा स्टेशन आकर्षक होगा और क्षेत्रीयता के आधार पर विकसित किया जाएगा।
प्लेटफार्म नंबर एक को छोड़कर बाकी दो, तीन, चार, पांच और छह नंबर प्लेटफार्म पर काम होगा। वेटिंग हॉल, वेटिंग रूम और सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की पार्किंग के अलावा अन्य काम भी होंगे। इन कार्यो का टेंडर हो गया है। इसमें 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (लाइन) पंकज कुमार ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन को विकसित किया जाएगा। इससे यात्रियों को काफी सुविधाएं मिलेंगी।