-कांवड़ मेला और अर्धकुंभ की तैयारियां परखी, रुड़की स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की भी समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने शुक्रवार को देवबंद-हरिद्वार रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने झबरेड़ा, रुड़की, ज्वालापुर और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति परखी।
देवबंद रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने महाप्रबंधक राजेश पांडे का स्वागत किया। रेलखंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रैक, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, पुल, समपार फाटक, ओएचई, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, रेल पथ के किनारे स्वच्छता, जल निकासी, पेड़-पौधों की छंटाई और रेल भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति देखी। राजेश कुमार पांडे ने अधिकारियों को रेल संरक्षा और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। झबरेड़ा स्टेशन पर जीएम ने फुट ओवरब्रिज, स्टेशन परिसर और स्टेशन मास्टर कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेन संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे रुड़की रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, प्लेटफॉर्म और एप्रोच रोड समेत अन्य कार्यों की प्रगति देखी। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। ज्वालापुर स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म, अंडरपास और गुड्स शेड में चार पहिया वाहनों की लोडिंग व्यवस्था का जायजा लिया। यहां माल ढुलाई और परिचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम समेत मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नौशाद उस्मानी