सहारनपुर। महाविद्यालयाें एवं संस्थानों में संचालित स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश के लिए पहली ओपन मेरिट आज दोपहर 12 बजे तक जारी हो जाएगी। मेरिट में शामिल अभ्यर्थी छह अगस्त को संबंधित महाविद्यालयों एवं संस्थानों में प्रवेश लेंगे।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. ओमकार सिंह ने बताया कि ओपन मेरिट के लिए महाविद्यालयों एवं संस्थानों द्वारा चार अगस्त को विश्वविद्यालय के पोर्टल पर मास्टर लिस्ट अपलोड कर दी गई है। जिसके आधार पर विश्वविद्यालय पांच अगस्त की दोपहर 12 बजे तक अपने पोर्टल पर ओपन मेरिट जारी करेगा। महाविद्यालय और संस्थान भी तुरंत अपने यहां मेरिट को सार्वजनिक करेंगे। पांच अगस्त की शाम पांच बजे तक विश्वविद्यालय संबंधित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर जारी करेगा। छह अगस्त की सुबह से महाविद्यालयों एवं संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। उन्होंने मेरिट में शामिल अभ्यर्थियों को छह अगस्त को निर्धारित तिथि और समय पर प्रवेश लेने की अपील की, क्योंकि इसके बाद प्रवेश का मौका नहीं मिलेगा। छह अगस्त को ही सभी महाविद्यालय और संस्थान विश्वविद्यालय पोर्टल पर प्रवेश संपुष्ट करेंगे। उन्होंने बताया कि अब प्रवेश प्रक्रिया अंतिम दौर में है।