सहारनपुर। स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर शासन बेहद गंभीर है। इसे लेकर छुट्टी के दिन रविवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में फिटनेस जांच शिविर लगाया गया। इसमें 15 स्कूली वाहन मालिक फिटनेस कराने के लिए पहुंचे। 50 को नोटिस दिए। जिले में 170 स्कूली वाहनों की फिटनेस खत्म है।
शासन के निर्देश पर संभागीय परिवहन विभाग अधिकारियों ने आठ जुलाई से 22 जुलाई तक स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट और अन्य जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। एआरटीओ प्रवर्तन, यात्रीकर अधिकारी और आरआई ने स्कूली वाहनों की फिटनेस से संबंधित कागजात चेक किए थे। तब 478 स्कूली वाहन बिना फिटनेस मिले थे, जबकि 600 से अधिक वाहन मालिकों को नोटिस दिए गए। लेकिन, स्कूली वाहन मालिक छात्र-छात्राओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।
स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के लिए रविवार को आरटीओ कार्यालय में विशेष जांच शिविर लगाया गया। शिविर में एआरटीओ प्रशासन महेंद्र बाबू गुप्ता, आरआई रोहित सिंह ने स्कूली वाहनों की फिटनेस को जांचा। करीब 15 वाहन शिविर में पहुंचे। जो वाहन मालिक शिविर में नहीं आए, उन्हें कार्यालय से फोन किया गया। ऐसे में 50 से अधिक वाहन मालिकों को फिटनेस कराने के लिए नोटिस जारी किए गए।