सहारनपुर। लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। राजनीतिक दल युवाओं से लेकर समाज के अन्य सभी वर्गों को रिझाने में लगे हैं। सहारनपुर लोेकसभा क्षेत्र के 30346 पहली बार वोट देने वाले नए मतदाताओं का रुझान प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय करेगा।
लोकसभा चुनाव में सभी प्रत्याशी नुक्कड़ सभाओं से लेकर गांव-गांव पहुंचकर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन चुनाव में युवाओं का रुझान बेहद अहम रहता हैं। इनमें भी पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले नए मतदाताओं की खास भूमिका है। उत्साह के चलते मतदाताओं का मतदान प्रतिशत के भी अधिक रहने की संभावना है। जिले में नए मतदाताओं की संख्या 42003 है। इनमें से 30346 सहारनपुर लोकसभा और 11657 कैराना लोकसभा क्षेत्र में हैं। जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 2601976 है। इनमें से 1855310 सहारनपुर लोकसभा और 746666 कैराना सीट के मतदाता हैं। बता दें कि जनपद की सात विधानसभा सीटाें में से पांच सहारनपुर लोकसभा और दो कैराना लोकसभा क्षेत्र में आती हैं। इनमें से बेहट, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, देवबंद और रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट सहारनपुर लोकसभा और गंगोह एवं नकुड़ कैराना लोकसभा सीट का हिस्सा हैं।
जनपद में 18 से 19 आयु वर्ग के 42003 मतदाता हैं। यह मतदाता इस लोकसभा चुनाव में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 30346 सहारनपुर लोकसभा और 11657 मतदाता कैराना लोकसभा सीट पर हैं। लोकसभा चुनाव में वोट डालने के लिए नए मतदाताओं के खासा उत्साह है। - हरिकृष्ण शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी
18 से 19 आयु के जनपद के नए मतदाता
विधानसभा मतदाता
बेहट - 7384
नकुड़ - 6285
सहारनपुर नगर - 6146
सहारनपुर देहात 6003
देवबंद - 5665
रामपुर मनिहारान -5130
गंगोह -5390
योग 42003
-
नोट : निर्वाचन कार्यालय के अनुसार