छुटमलपुर (सहारनपुर)। बुखार से पीड़ित किशोर की मौत के बाद चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया। इसके बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फराबाद निवासी सन्नी (15) पुत्र ब्रजेश को बृहस्पतिवार की सुबह बुखार आने पर गांव में ही स्थित एक अस्पताल में दिखाया गया था। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने खून की कमी का हवाला देते हुए सन्नी को भर्ती कर लिया। आरोप है कि शराब के नशे में चिकित्सक ने सन्नी का उपचार किया। गलत उपचार के कारण देर रात उसकी मौत हो गई। जैसे ही किशोर की मौत की खबर घर पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान चिकित्सक मौके से फरार हो गया। अस्पताल पर हंगामे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद किशोर का शव गांव पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में बेहद गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष प्रमोद रावल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने नशे और लापरवाही में उपचार का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। हालांकि मौके पर मिली शराब की बोतल पुरानी है। जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, प्रभारी चिकित्साधिकारी मुजफ्फराबाद डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि अभी उन्हें शिकायत नहीं मिली है। जानकारी में आया है कि सीएमओ कार्यालय को शिकायत की गई है। यदि वहां से कोई दिशा-निर्देश मिलता है तो उसका पालन किया जाएगा।